बक्सर (बिहार)।
लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक चुनावी रैली में दावा किया कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सलाखों के पीछे होंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को बक्सर के डुमरांव पहुंचे। जहां पर उन्होंने दावा किया है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सलाखों के पीछे होंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए चिराग ने नीतीश सरकार पर कई सवाल उठाए हैं।
चिराग ने कहा कि जो मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारी हो, जो मुख्यमंत्री युवा विरोधी हो, जो मुख्यमंत्री बिहार को बर्बाद कर दे। जो मुख्यमंत्री युवाओं को पलायन के लिए मजबूर करे। क्या ऐसे मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए क्या? उसको बदलना चाहिए कि नहीं बदलना चाहिए।
इसके बाद चिराग ने कहा कि जिन लोगों ने सात निश्चय में भ्रष्टाचार किया, उनका क्या करना चाहिए? जेल भेज देना चाहिए। आज चिराग पासवान आप लोगों से वादा कर के जाता है कि सात निश्चिय में जो घोटाला हुआ है, जितना भ्रष्टाचार हुआ है। चाहे वह किसी अधिकारी ने किया हो या मुख्यमंत्री ने स्वयं किया हो। लोजपा की सरकार बनते ही सबकी जांच कराई जाएगी और जेल भेजा जाएगा। इस दौरान चिराग ने कहा कि इस बात का जिक्र हमने अपने घोषणा पत्र में भी किया है।
उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी फेल हो गई। अवैध शराब हर जगह बिक रही है और इसका कमीशन नीतीश कुमार तक पहुंच रहा है।
साथ ही लोजपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) ने मना कर दिया कि यहां कारखाना नहीं खुल सकता। हमारे प्रदेश में एक युवा विरोधी मुख्यमंत्री है, जो चाहते ही नहीं हमारे युवा आगे बढ़ें. अगर युवा पढ़-लिख गया तो इनसे सवाल पूछेगा। इनको हटाना जरूरी है।
रविवार को ट्वीट कर भी उन्होंने यह बात कही। चिराग ने ट्वीट किया कि आप सभी से अनुरोध है कि जहां भी लोजपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, उन स्थानों पर बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट को लागू करने के लिए लोजपा के प्रत्याशियों को वोट दें व अन्य स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी को वोट दें। आने वाली सरकार नीतीश मुक्त सरकार बनेगी।