
Deoghar: रिखिया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर मोड़ पर बसों से कलेक्शन किए गये 42,500 रुपये छीनने, मारपीट कर घायल करने और पिस्टल सटाकर धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर घौड़दौड़ा, पाण्डेय मोड़ निवासी 26 वर्षीय सुनंत कुमार मिश्रा ने रिखिया थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

थाना में दर्ज कराये गए मामले में सुनंत कुमार मिश्रा ने कहा है कि वह 18 अगस्त को हर दिन की तरह शाम करीब 3:30 बजे बैद्यनाथपुर मोड़ पहुंचे थे। आरोप है कि पागल बाबा बस के मालिक के आदेश पर उन्होंने बैद्यनाथपुर मोड़ पर सभी बसों से चालान के रूप में 42,500 रुपये का कलेक्शन किया था। कलेक्शन लेकर घर जाने के क्रम में बैद्यनाथपुर पेट्रोल पंप के सामने सात-आठ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।

दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर चंदन यादव, निवासी रामपुर, सूरज यादव, जिसकी पेट्रोल पंप के सामने सब्जी की दुकान बतायी गयी है, राहुल चौहान, पिता शिबु चौहान, निवासी बैद्यनाथपुर तथा चार-पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें घसीटकर पीछे की गली में ले गये। वहां लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारपीट कर घायल करने तथा जेब में रखे कलेक्शन के 42,500 रुपये छीनने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने गले में पहनी चांदी की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। सुनंत कुमार मिश्रा के अनुसार, जब उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की तो चंदन यादव ने कमर से पिस्टल निकालकर उन्हें सटा दिया। इसके बाद अपने मोबाइल से डब्लू यादव नामक व्यक्ति को फोन कर बात करायी। आवेदन के मुताबिक, फोन पर डब्लू यादव ने धमकी देते हुए कहा कि वह देवघर से बाहर है और बस मालिक से पांच लाख रुपये रंगदारी पहुंचाने को कहो, तभी बस का संचालन सही रूप से करने दिया जायेगा।
आरोप है कि धमकी देते हुए यह भी कहा गया कि अभी यह ट्रेलर था और उसके आने के बाद जान से मार देंगे। मामले में यह भी उल्लेख किया है कि नामजद लोगों के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले लंबित हैं। सुनंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सदर अस्पताल, देवघर में इलाज कराने के कारण थाना में आवेदन देने में देर हुई।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस दर्ज मामले के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।



