
Sarwa (Deoghar News) : जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के कथित निजी रसोईया सारवां थाना क्षेत्र के दोयमतेलिया गांव निवासी 26 वर्षीय सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मामले की उचित जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने सारवां-देवघर मुख्य मार्ग स्थित लखोरिया मोड़ के पास शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया।

जाम के कारण कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इनमें कई वाहन कांवरियों के भी थे। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों व जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विधायक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे परिजन

जाम की सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर केडी झा, थाना प्रभारी संदीप कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश मिश्रा, मुखिया दिवाकर पासवान, समाजसेवी पवन चंद्रवंशी, चंदन वर्मा, अर्जुन हाजरा, शहबाज हुसैन सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, मृतक के स्वजनों ने सीधे तौर पर विधायक को जामस्थल पर बुलाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मामले की समुचित जांच कराने की मांग रखी। अपनी मांगों को लेकर लोग जामस्थल पर डटे रहे और काफी समझाने के बाद भी तत्काल जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।
मुआवजे की घोषणा के बाद हटा जाम
करीब तीन घंटे तक चले सड़क जाम के बाद शाम करीब 6:30 बजे मुआवजा देने की घोषणा की गयी। इसके बाद जाम हटा लिया गया। सड़क पर आवागमन सामान्य होने के बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
चार माह से विधायक के यहां खाना बनाने का कर रहा था काम
मृतक के चाचा सुनील राउत ने दुमका जिला के हंसडीहा थाना में आवेदन देकर बताया है कि दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट गांव निवासी जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के यहां सोनू राउत करीब चार माह से खाना बनाने का काम कर रहा था। चाचा के मुताबिक 17 अगस्त 2026 को सोनू विधायक से छुट्टी लेकर अपने घर आया था। इसके बाद वह अपने घर पर ही था। 20 अगस्त को वह वापस काम पर चला गया।
24 अगस्त को फोन पर मिली फांसी लगाने से मौत की सूचना
चाचा के आवेदन के अनुसार 24 अगस्त को दिन के करीब 3:30 बजे देवेंद्र कुंवर के दामाद मिथिलेश कुमार सिंह ने फोन कर उन्हें सूचना दी कि उनके भतीजे सोनू की फांसी लगाने से मौत हो गयी है। सूचना मिलने के बाद चाचा व अन्य लोग वहां पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने सोनू को रस्सी के सहारे लटका हुआ देखा।
नौ लोगों को बनाया आरोपित, हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप
मृतक के चाचा सुनील राउत ने आवेदन में देवेंद्र कुंवर, उनकी पत्नी, रवि कुमार, रवि कुमार की पत्नी, मिथिलेश कुमार सिंह, उसकी पत्नी, मिथिलेश कुमार सिंह के बेटे, देवेंद्र कुंवर के निजी चालक सहित नौ लोगों को आरोपित बनाया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सभी ने मिलकर उनके भतीजे सोनू कुमार रावत की हत्या कर उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर पंखे से लटका दिया। चाचा ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाई ने भी हत्या किए जाने का लगाया आरोप
मौके पर मृतक के भाई करण कुमार रावत ने बताया कि उसका भाई विधायक के यहां रसोईया का काम करता था। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या कर दी गयी है। मामले को लेकर परिजनों ने उचित जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



