
Deoghar News : पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सरपता गांव निवासी 48 वर्षीय संगम रमानी की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जाती है। मृतक मजदूरी और किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम संगम रमानी बाइक से नारगी मोड़ बाजार करने आया था। बाजार से वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान नारगी मोड़ स्थित लुटिया शिव मंदिर के पास तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चला रहे एक ट्रक के चालक ने उसकी बाइक में धक्का मार दिया। हादसे में संगम रमानी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे इलाज के लिए सारठ स्थित सीएचसी केंद्र लाया गया।

वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, धक्का मारने के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक की सूचना स्थानीय मुखिया द्वारा चितरा पुलिस को दी गई।
परिजनों ने बताया कि सूचना के बाद चितरा पुलिस ने धक्का मारकर भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया है। वहीं, सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



