
Deoghar News : देवघर के एक निजी अस्पताल के सामने रविवार की शाम दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जहां बच्ची के जन्म के बाद ददिहाल और ननिहाल पक्ष के लोग आपस में भीड़ गए। वजह थी, दोनों ओर से बच्ची और उसकी माँ को अपने साथ ले जाने की जिद। तू-तू मैं-मैं इतनी बढ़ गई कि पुलिस तक को बुलाना पड़ा।

दरअसल, बाजला चौक स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार को गर्भवती महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। जच्चा – बच्चा के स्वास्थ्य की जांच के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा देर शाम छुट्टी दे दी गई। छुट्टी होते ही महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भीड़ गए।

अस्पताल के बाहर, ससुराल पक्ष के लोग जहां बच्ची और मां को साथ ले जाने की जिद करने लगे तो वहीं, मायके पक्ष ने दोनों को अपने घर ले जाने की बात कही। जरा सी बात इतनी बढ़ गई कि पुलिस तक बुलानी पड़ी।
बच्ची की नानी का कहना था कि पहले भी मेरी बेटी कई बार गर्भवती हुई थी, लेकिन ससुराल में हर बार बच्चा नुकसान हो जा रहा था। इस बार गर्भवती होने पर बेटी को वो मायके लेकर आ गई। उसका इलाज कराया, स्वास्थ्य का ध्यान रखा।
आज जब बेटी ने स्वस्थ्य बच्ची को जन्म दिया है तो तुरंत उसे ससुराल वाले ले जाना चाह रहे हैं। मां ने कहा कि ये उनके ही परिवार की बच्ची है लेकिन कुछ दिन हमारे पास रहने दें, ताकि हम जच्चा बच्चा का भरपूर ख्याल रख सकें, उसके बाद खुशी खुशी ससुराल भेज दिया जाएगा।
इधर, हो-हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने बुझाने के बाद भी जब दोनों परिवार नहीं माने तो पुलिस सख्त हुई। कड़े अलफ़ाज़ में ससुराल पक्ष वालों को फटकार लगाई और बच्ची को मां के साथ ननिहाल भेजा। साथ ही थाना आकर फैसला कराने की बात कही। जिसके बाद हंगामा शांत हुआ।



