
Deoghar: देवघर नगर थाना में हथियार के बल पर जान मारने की धमकी देने के आरोप में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला राम रत्न बक्सी रोड निवासी अमित कुमार जयसवाल के बयान पर दर्ज किया गया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सरिता होटल गली निवासी सागर राउत, रिषु तथा बिमल थापा को आरोपित बनाया गया है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दो युवक उसकी दुकान के पास गाली-गलौज कर रहे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने अपने एक अन्य साथी को बुला लिया।

आरोप है कि तीसरा युवक पहुंचते ही अमित कुमार जयसवाल पर पिस्तौल तानकर जान मारने की धमकी देने लगा। खुद को बचाने के प्रयास में पीड़ित ने डंडे से आरोपित के हाथ पर वार किया, जिससे पिस्तौल की मैगजीन और दो जिंदा कारतूस जमीन पर गिर गए।
इसके बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने मैगजीन और दोनों जिंदा कारतूस नगर थाना पुलिस को सौंप दिए। पीड़ित के अनुसार पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


