
Deoghar : नगर थाना क्षेत्र के पूरनदहा मोहल्ला निवासी उमेश तिवारी के घर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का देवघर पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उमेश तिवारी निवासी पूरनदहा के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या-276/26, 18 जुलाई को अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर उनके नेतृत्व में कांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राधो पासवान (55) पिता स्व. श्रवण पासवान, निवासी घरवासन, थाना चंद्रमंडी तथा मुरारी पासवान (42) पिता स्व. मिसरी पासवान निवासी जिमतपुर थाना चंद्रमंडी, जिला जमुई (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया चांदी जैसा दिखने वाला एक चेन, दो मठिया, सोने जैसे दिखने वाले दो मंगलसूत्र एवं एक अंगूठी, पांच पान पत्ता, एक ब्रेसलेट, पांच सुपाड़ी, एक जोड़ी पायल, पांच सिक्के,1.45 लाख नकद तथा पीतल एवं कांसा के बर्तन बरामद किए हैं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। राधो पासवान के विरुद्ध बोकारो, धनबाद तथा देवघर के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं मुरारी पासवान के विरुद्ध गिरिडीह, देवघर नगर एवं चंद्रमंडी थाना में भी पूर्व से कई कांड दर्ज हैं।
–छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं बल
छापेमारी दल में पुनि सह थाना प्रभारी नगर थाना रवि ठाकुर, थाना प्रभारी रिखिया पुअनि प्रभात कुमार, थाना प्रभारी कुंडा पुअनि प्रशांत कुमार, नगर थाना के पुअनि सूरज कुमार, पुअनि मुकेश कुमार, पुअनि मुकेश कुमार तिवारी, पुअनि धनश्याम गंजु, पुअनि सुमंत प्रसाद, पुअनि राजेन्द्र प्रसाद, सअनि राजू रजवार सहित देवघर नगर थाना का सशस्त्र बल शमिल थे। पुलिस ने बताया कि विशेष टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


