
Deoghar : श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथधाम देवघर एवं बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहराव और यात्री सुविधाओं को लेकर रेल आईजी डॉ. माईकेलराज एस ने जसीडीह रेलवे स्टेशन सहित मेला क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए बनाए गए पंडालों और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित कनीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेल आईजी ने कहा कि स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं के ठहराव वाले पंडालों में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही पंडालों में ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सूचना समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों एवं अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा आरपीएफ और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
स्टेशन परिसर में रेलकर्मियों और प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि श्रद्धालुओं को लाने वाली गाड़ियों के लिए केवल ठहराव की व्यवस्था होगी, पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
रेल आईजी ने रेल अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला अवधि में आने वाले श्रद्धालु यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय के साथ संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान रेल एसपी धनबाद मुमलराज पुरोहित, देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर, एसडीओ रवि कुमार, सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद, आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार, डीसीएम माइकल ए. सिल्वा सहित रेलवे, आरपीएफ एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


