
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के चोपा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप फोर व्हीलर को रुकवाकर उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट एवं छिनतई की घटना सामने आई है। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।

ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी। घटना के संबंध में पथरी गांव निवासी घायल राजेंद्र यादव ने बताया कि वे लोग देवघर से फोर व्हीलर में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने हाथ देकर उनकी गाड़ी रुकवाई।

गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने एक आईफोन और सोने की चेन छीन ली तथा घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें छुट्टी दे दी।
इधर, घटना की सूचना मोहनपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुट गई है।


