
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सरद कोठी पुरानदाहा में बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गृहस्वामी उमेश तिवारी ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 20 दिनों से परिवार के साथ निजी कार्य से बिहार के सहरसा गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद जब उमेश तिवारी देवघर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था तथा अलमारी और बक्से का ताला भी तोड़ दिया गया था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
चोरी गए सामान में चार चांदी के ग्लास, चार कटोरी, दो थाली, चार जोड़ी पायल, एक कमरबंध, सोने का एक लॉकेट समेत करीब चार लाख रुपये के आभूषण शामिल हैं।
इसके अलावा लगभग दो लाख रुपये मूल्य की साड़ियां, सूट और जीन्स सूट, दो सेट फूल के बर्तन तथा करीब एक लाख रुपये मूल्य के पीतल के परात सहित अन्य बर्तन भी चोरी कर लिए गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लाखों रुपये है।
नगर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य बिंदुओं पर भी जांच जारी है।


