
Siwan: बिहार के सीवान के नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में छात्राओं के बाथरूम में हिडेन कैमरा लगाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर एक छात्रा ने लिखित कंप्लेन की है कि उसका वीडियो बनाकर टेलिग्राम नंबर पर भेजा गया है। कैमरा बाथरूम में लगे गीजर में फिट किया गया था।

पूरा मामला महाराजगंज फार्मेसी सह पारा मेडिकल कॉलेज का है। जहां वीडियो मिलने के बाद छात्राओं ने हंगामा किया और कुछ छात्रों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हंगामे के बाद सीवान के सिविल सर्जन डॉ. यधुवंश शर्मा ने जांच टीम गठित की है।

मामले में एक छात्रा ने सिविल सर्जन को लिखित शिकायत में बताया है कि कॉलेज के कुछ लड़के इसके पीछे हैं। उन्होंने कुछ लड़कियों की मिलीभगत से बाथरूम के गीजर के पीछे कैमरा लगाकर वीडियो बना लिया। मेरे टेलिग्राम नंबर पर वीडियो भेजा। इसके बाद गंदी-गंदी चैटिंग की गई। छात्रा ने 7 छात्र और एक छात्रा का नाम लिया है। एक छात्रा ने आरोप लगाया है कि कुछ छात्र फोटो चैटिंग और भोजपुरी गाना बजा कर उसे परेशान करते हैं। टीचर से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

सिविल सर्जन के आदेश पर सब डिविजनल हॉस्पिटल महाराजगंज के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. श्याम सुंदर कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्हें छात्राओं के बाथरूम के गीजर में हिडेन कैमरा लगाने की जगह मिली। उन्होंने बताया कि मामला संदिग्ध है। इस संबंध में जांच रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजूंगा। छात्रावास के दरवाजे पर कोई भी गार्ड उपस्थित नहीं है।
मामले में सिविल सर्जन डॉ यधुवंश कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एक टीम का गठन किया गया है जांच चल रही है।


