
Ranchi: झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे। हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
14 और 15 जुलाई को भारी बारिश

मौसम विभाग ने 14 और 15 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 14 जुलाई को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं 15 जुलाई को गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह के साथ कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में तेज बारिश हो सकती है।
राज्य के 14 जिलों में आज भी आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
मौसम केंद्र ने रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका और गोड्डा सहित कई जिलों में वज्रपात की आशंका जताई है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
4 डिग्री गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। रांची में 14 से 17 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में तापमान 31 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जहां उमस बनी रह सकती है।


