
Deoghar News : देवघर जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायलों में बिहार के पटना जिला अंतर्गत नवलपुर निवासी महेंद्र राय, रिखिया थाना क्षेत्र के मलहरा निवासी सुरेश यादव, कुंडा थाना क्षेत्र के कुसुमडीह निवासी चंदन कुमार, जामताड़ा निवासी लीलू हेमब्रम तथा खाशबेदिया निवासी कृष्णा कुमार शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के कुसुमडीह निवासी चंदन कुमार बुधवार देर रात बाइक से कुंडा थाना क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुंडा–सारवां मुख्य मार्ग पर देवघर पब्लिक स्कूल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं अन्य चार घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में किया गया। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं के बाद अस्पताल में घायलों और उनके परिजनों की भीड़ लगी रही।
चिकित्सकों ने सभी घायलों का आवश्यक उपचार किया, जबकि गंभीर रूप से घायल चंदन कुमार को उच्च चिकित्सा संस्थान भेज दिया गया।


