
Deoghar News : देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के पंडूआ गांव निवासी 25 वर्षीय महेंद्र मांझी की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है। परिजनों ने बताया कि महेंद्र मांझी रविवार को अपनी पत्नी को लाने के लिए सारवां थाना क्षेत्र के बाराकोला गांव स्थित अपने ससुराल आया था।

बुधवार को पत्नी के साथ अपने घर लौटने की तैयारी थी। इसी बीच मंगलवार की रात वह ससुराल के फर्श पर सोया हुआ था। देर रात सोने के दौरान उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद महेंद्र ने इसकी जानकारी परिजनों को दी।

परिजन पहले उसे मंदिर लेकर गए, जहां पारंपरिक तरीके से उपचार का प्रयास किया गया। हालांकि उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा इलाज शुरू किया गया, लेकिन उपचार के क्रम में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इसके बाद पोस्टमार्टम कराने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल व्याप्त है।


