
Deoghar: देवघर में श्रावणी मेला के दौरान दहशत फैलाने की साजिश को देवघर नगर थाना पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। एसपी प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने सदर अस्पताल रोड स्थित हरिशरणम कुटिया के समीप छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा, 8 एमएम के तीन जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल (जेएच-15एजे-6266) बरामद की है।

इस बावत एसपी प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एवं पेशेवर अपराधी सौरभ पलिवार के सहयोगी श्रावणी मेला के दौरान रंगदारी, हत्या और जमीन कब्जा जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने 6 जुलाई की रात करीब 8:55 बजे हरिसरणम कुटिया के पास छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

बताया कि इस गिरोह के द्वारा कई व्यवसायियों से भी रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आयी थी। बताया कि व्यवसायियों में खौफ पैदा करने के लिये ये सभी सड़क पर बाइक पर सवार होकर हथियार भी चमकाया था जिसका हाल ही में वीडियो पुलिस को मिला था। उसके बाद से पुलिस इनकी गिरफ्तारी में जुटी थी। उनके निर्देश पर छापेमारी के लिये सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
एसपी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों में रौशन कुमार झा उर्फ सुचा निवासी बैद्यनाथपुर बंधा थाना रिखिया, विजय गुप्ता उर्फ विजय चौहान निवासी हाथी पहाड़ थाना-कुंडा तथा अमित कुमार यादव निवासी बैद्यनाथपुर चौक थाना कुंडा के नाम शमिल हैं। इस मामले में देवघर नगर थाना कांड संख्या 262/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
दोनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रौशन कुमार झा के विरुद्ध रिखिया थाना में आर्म्स एक्ट के दो पुराने मामले दर्ज हैं। वहीं विजय गुप्ता उर्फ विजय चौहान के खिलाफ कुंडा थाना में आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की गंभीर धाराओं से संबंधित दो मामले पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख किया है।
टीम में शामिल पदाधिकारी
छापेमारी दल में नगर थाना के पुनि सह थाना प्रभारी रवि कुमार ठाकुर, पुअनि शंकर कुमार रजक, एसआई धनश्याम गंझु, एसआई मुकेश कुमार, एसआई मुकेश कुमार तिवारी, एसआई सुमन्त प्रसाद, एसआई ओम प्रकाश सिंह, अनुसंधानकर्ता मिथलेश कुमार तथा देवघर नगर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


