
Deoghar: पूजा में प्रसाद ग्रहण करने देवघर आए बिहार के बांका जिले के एक शख्स की छत की सीढ़ी से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र के सबलपुर शिवनगर निवासी 55 वर्षीय बादल प्रसाद सिंह के रूप में हुई है।

बताया गया कि बादल प्रसाद सिंह साधुओं के साथ देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित घोरमारा बांक में बाली पूजा में शामिल होने आए थे। उनके साथ आए साधुओं ने बताया कि देर रात पूजा और भोजन के बाद वह छत की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह गिरकर बेहोश हो गए।

घटना के बाद साथियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि बादल प्रसाद सिंह बिना किसी पूर्व जानकारी के साधु बाबा के साथ पूजा में शामिल होने देवघर आए थे। देर रात उनके साथ आए लोगों ने फोन कर हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे।
मृत्यु की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने स्थानीय बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


