
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल रोड पर कथित रूप से हथियार लहराने के मामले में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक हथियार भी बरामद किया है। वहीं, हिरासत में लिए गए युवकों के पास से हथियार और गोली मिलने की भी सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

बताया जाता है कि नगर थाना पुलिस को सदर अस्पताल रोड पर बाइक सवार संदिग्ध युवकों द्वारा हथियार लहराने का एक वीडियो प्राप्त हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
इसके बाद नगर थाना क्षेत्र के शाहिद आश्रम रोड और बाजार समिति इलाके में छापेमारी कर चार युवकों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल नगर थाना पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


