
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लूट, छिनतई, अपहरण और हत्या जैसे संगीन मामलों का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के आधार पर 5 जुलाई को मोहनपुर रेलवे स्टेशन के समीप विशेष टीम ने छापेमारी कर चोरी की मोटरसाइकिल, चार मोबाइल और अवैध हथियार के साथ दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने देवघर व बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में लूट, छिनतई, डकैती और हत्या की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की।
जून में कर चूका है हत्या

इसे लेकर सोमवार को एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवर्ता कर विशेष रूप से जानकारी दी। बताया कि 18 जून को देवीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल व मोटरसाइकिल लूट के दौरान बाइक नहीं रोकने पर चालक सुभाष मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में देवीपुर थाना कांड संख्या-72/2026 दर्ज है। इसके अलावा आरोपियों ने जसीडीह थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से लूट, पथरड्डा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी तथा जसीडीह थाना क्षेत्र में रूपेश दास के अपहरण कर मोबाइल व नकदी लूटने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
बताया कि मौके पर से अन्य एक अपराधी फरार हो गये जो बिहार के जमुई जिले के रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है। कहा कि यह गिरोह बिहार के सिमावर्ती जिला एवं देवघर में अपराधिक घटना को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव कुमार दास तथा संजीव कुमार दास दोनों निवासी आमगाछी थाना रिखिया जिला देवघर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मोबाइल, 1800 रुपये नकद और चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस संबंध में मोहनपुर थाना कांड संख्या-114/2026 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मोहनपुर थाना कांड संख्या-134/2021 (धारा 120बी/395/412 भादवि) तथा मोहनपुर थाना कांड संख्या-137/2022 (धारा 392/412 भादवि) पहले से दर्ज हैं। छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण, देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार-01, नवीन कुमार, श्वेत प्रकाश दुबे, संतोष कुमार मंडल सहित तकनीकी कोषांग एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


