
Deoghar News : देवगहर जिले के रिखिया थाना में एक पीड़िता ने आवेदन देकर पति, सास, ससुर एवं अन्य पर मारपीट और छिनतई का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

आवेदन में पीड़िता अर्चना देवी ने बताया है कि वह गोड्डा जिले की रहने वाली है। वह कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई का खर्च चलाने के लिए पार्ट टाइम नौकरी करती थी। वर्ष 2023 में उसने कुंदन चौधरी के साथ प्रेम विवाह किया था।

विवाह के बाद दोनों किराये के मकान में रहते थे। पीड़िता के अनुसार, वह कई बार पति से अपने घर ले जाने की बात कहती थी, लेकिन वह किसी न किसी बहाने विवाद कर 10-10 दिनों तक गायब हो जाता था। पीड़िता ने बताया कि 30 जून को कुंदन चौधरी उसे अपने घर ले जाने के लिए तैयार हुआ।
जब वह रिखिया थाना क्षेत्र के तेलिया केनारी गांव स्थित ससुराल पहुंची तो घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान उसकी ननद गुड़िया कुमारी, सास सुजाता देवी और ससुर सुधीर चौधरी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कान से सोने का टॉप, मंगलसूत्र, चांदी का पायल, मोबाइल फोन तथा पर्स में रखे 60 हजार रुपये छीन लिए गए।
घटना के बाद उसने रिखिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


