
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल नारायण तुरी ने बताया कि वह मोहनपुर थाना क्षेत्र के कधार गांव के निवासी हैं। वह अपनी पत्नी राजमणि देवी के साथ बाइक से इलाज कराने देवघर एम्स जा रहे थे।
इसी दौरान कोरियासा के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया।


