
Deoghar News : बाबा मंदिर थाना क्षेत्र के शिवगंगा गली स्थित आशुतोष भगत लेन के पास एक दुकान से प्रसाद खरीद रही महिला श्रद्धालु का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला श्रद्धालु ने संदेह के आधार पर तीन महिलाओं को पकड़ लिया और करीब तीन घंटे तक उनसे पूछताछ की।

बाद में मामले की सूचना बाबा मंदिर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना ले गई। पीड़िता संताना देवी, निवासी धकजरिया गांव, आड़े थाना, मधुबनी (बिहार) ने बताया कि वह अपने नाती के उपनयन संस्कार के अवसर पर परिवार के साथ बाबाधाम आई थीं।

शुक्रवार को शिवगंगा में स्नान करने के बाद वह बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं। इसी दौरान शिवगंगा गली स्थित आशुतोष भगत लेन के पास एक दुकान से प्रसाद खरीद रही थीं, तभी एक महिला उनके हाथ से पर्स लेकर भागने लगी।
महिला श्रद्धालु ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोप है कि भागने के दौरान महिला ने पर्स में रखा सामान दूसरी महिला को दे दिया। करीब तीन घंटे तक पूछताछ के बाद पकड़ी गई महिलाओं ने सामान के एवज में 4,000 रुपये नकद वापस करने की बात कही, लेकिन पर्स में रखा रेडमी कंपनी का मोबाइल वापस नहीं किया।
पीड़िता के अनुसार, पर्स में 4,000 रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल था। फिलहाल बाबा मंदिर थाना पुलिस तीनों महिलाओं से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।


