
Deoghar News : देवघर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारठ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सोमवार को सूचना के आधार पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी सारठ कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा के नेतृत्व में छापेमारी दल ने सारठ थाना क्षेत्र के करौंहा गांव स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय के समीप मुख्य सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका। जांच के दौरान उसके पास से 1 किलोग्राम 16 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण मंडल (48 वर्ष), पिता स्व. तेजनारायण मंडल, निवासी जरकवान, थाना सोनारायठाढ़ी, जिला देवघर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा एक होंडा शाइन एसपी मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या JH04W-2316) तथा एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, इनका उपयोग गांजा की खरीद-बिक्री में किया जाता था। कार्रवाई में अंचलाधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, सअनि दीपक मंडल, चौकीदार एकनंद मिश्रा, राहुल कुमार दत्त तथा चालक रामेश्वर पंडित सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


