
Pakud : महेशपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दुमका डंगाल चौक स्थित मुख्य सड़क पर हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या JH16K-8013 पर सवार दो युवक देवीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेशपुर ले जाया गया, जहां डॉ. अंजनी भगत एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे युवक की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि शर्मा, एएसआई अजय महतो, नर्वदेश्वर सिंह तथा काली प्रसाद साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक और घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की गहन छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



