
Deoghar News : सीमावर्ती राज्य बिहार के जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना चकाई थाना क्षेत्र के दुलमपुर गांव के समीप की बताई जा रही है। जहां बाइक पर सवार एक महिला अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतका की पहचान बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी 39 वर्षीय खिलौनी मरांडी के रूप में की गई है। घटना के बाद बाइक चालक को इसकी जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन के द्वारा महिला को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पंचनामा तैयार किया। हालांकि, मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने के संबंध में आवेदन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।


