
Deoghar Crime News : देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र स्थित कोरियासा मैदान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 1.90 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, 5,150 रुपये नकद तथा तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक बाइक बरामद की है। बरामद गांजा का बाजार मूल्य दस हजार रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में देवीपुर थाना क्षेत्र के डुमरकुंडी गांव निवासी लाल गोविंद मंडल, कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मोहल्ला निवासी बिट्टू कुमार मंडल तथा कुनाल मंडल शामिल हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोरियासा मोहल्ले में गांजा की अवैध खरीद-बिक्री का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
भागने की कोशिश नाकाम, पूछताछ में कबूला तस्करी का धंधा
बताया जाता है कि पुलिस टीम को देखते ही आरोपितों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान गांजा समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे गांजा की तस्करी से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि देवीपुर थाना क्षेत्र से गांजा लाकर देवघर शहरी क्षेत्र में उसकी बिक्री करते थे। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिल सकती है। मामले की गहन जांच जारी है।
नशा कारोबारियों पर लगातार चल रहा अभियान
छापेमारी दल में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, एसआई अजय सोय, संदीप कृष्णा, धनश्याम गंजू, मुकेश तिवारी, आरक्षी प्रवीण कुमार, तकनीकी शाखा के रियाजुल हक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने आम लोगों से नशा विरोधी अभियान में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा कारोबारियों की सूचना पुलिस को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि देवघर में नशा तस्करों के कई गिरोह सक्रिय होने की बात समय-समय पर सामने आती रही है। पूर्व में भी गांजा और ड्रग्स तस्करी के कई मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।


