
Deoghar: देवघर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर पैसेंजर ट्रेन से उतरने के दौरान एक यात्री का पैर फिसल जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया।

घायल की पहचान जामताड़ा जिले के नामपाड़ा निवासी अमर राउत के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वार्ड में भर्ती कर लिया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में अमर राउत की बहन पुष्पा देवी ने बताया कि वह देवघर के छतीसी मोहल्ला में रहती हैं। उनके यहां पूजा का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए अमर पैसेंजर ट्रेन से देवघर आ रहा था। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ कांस्टेबल विपिन मेहता ने तत्काल घायल को सदर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।


