
Deoghar: चकाई थाना क्षेत्र के बाबूडीह कियाजोरी गांव निवासी 45 वर्षीय महेंद्र राय की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक महेंद्र राय, झारी राय के पुत्र थे और बाहर काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकाई चेक पोस्ट के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल महेंद्र राय को तत्काल उपचार के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में जांच के बाद ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि महेंद्र राय अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर काम करते थे और काम से लौटकर घर आ रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


