
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के भौरा जमुना गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान मीना देवी के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती कर लिया।

फिलहाल उनका इलाज जारी है। घटना के संबंध में घायल महिला के पति विनोद यादव ने बताया कि जमीन को लेकर पाटीदारों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि विवाद को लेकर दूसरी पक्ष के लोग अक्सर बहाना बनाकर गाली-गलौज और मारपीट करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को वे लोग घर में बैठे थे, तभी पाटीदार पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे के साथ पहुंचे और हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान मीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल सकी है।


