
Deoghar: देवघर जिला अंतर्गत जसीडीह के आसाम रोड स्थित एक मकान को कोर्ट के आदेश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की देखरेख में खाली कराया गया। हालांकि, इस दौरान टीम को कब्जाधारी पक्ष के विरोध का भी सामना करना पड़ा।

सालों से चले आ रहे अवैध कब्जे को हटाने के लिए सिविल कोर्ट के आदेश पर प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पादन की कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार मुन्ना शर्मा नामक युवक ने कई वर्ष पहले उक्त मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि कुछ समय तक किराया देने के बाद उसने मकान पर अवैध रूप से कब्जा जमा लिया और उसे खाली करने से इनकार कर दिया। मकान मालिक बैद्यनाथ शर्मा ने वर्ष 2024 में न्यायालय में वाद दायर कर मकान खाली कराने की मांग की थी। जिसके बाद कोर्ट ने मकान खाली कराने का आदेश दिया।
न्यायालय के आदेश पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उज्ज्वल कुमार मंडल, सिविल कोर्ट के नाजिर हेमंत मुर्मू तथा जसीडीह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान कब्जा किये हुए पक्ष ने विरोध किया और परिवार के कुछ सदस्य दरवाजे पर बैठ गए। काफी समझाने के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस की मदद से मकान को खाली कराया गया।
इस दौरान एसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई रामानुज मिश्रा समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


