
Deoghar: एक फरार महिला की तलाश में बिहार के भागलपुर जिला अंतर्गत तिलकामांझी थाना की पुलिस सोमवार को देवघर नगर थाना पहुंची।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने ससुराल से अचानक लापता हो गई थी। इस संबंध में उसके ससुराल पक्ष द्वारा तिलकामांझी थाना में मामला दर्ज कराया गया था। मामले की जांच कर रहे तिलकामांझी थाना के एएसआई अखिलेश प्रसाद सिंह पुलिस टीम के साथ देवघर पहुंचे।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लापता महिला सोनम भारती देवघर में रह रही है तथा एक स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत है। इसके बाद भागलपुर पुलिस ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम महिला को अपने साथ भागलपुर ले गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दर्ज मामले के आलोक में आगे की कार्रवाई तिलकामांझी थाना में की जाएगी। महिला की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।


