
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के पश्चिम प्रोफेसर कॉलोनी बिलासी टाउन निवासी एवं शिवगंगा स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी हरेन्द्र त्रिवेदी ने रंगदारी, मारपीट और छिनतई का आरोप लगाते हुए नगर थाना में मामला दर्ज कराया है।

मामले में हरेन्द्र त्रिवेदी ने कहा है कि वह वर्षों से शिवगंगा के पास स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ कर शाम को अपने घर लौटते हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि रात करीब आठ बजे पूजा कर घर लौटने के दौरान सुनसान स्थान पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। उनके अनुसार बदमाशों ने उनके पास मौजूद थैला छीन लिया, जिसमें दक्षिणा के रूप में लगभग 600 से 700 रुपये रखे थे।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने हाथ और ईंट से हमला किया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट लगी और खून निकलने लगा। मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने अपना नाम राहुल मिश्रा बताते हुए स्वयं को इलाके का ”बॉस” कहा तथा पुलिस और कानून से नहीं डरने की बात कही।
घायल अवस्था में पड़ोसियों ने उन्हें घर पहुंचाया जिसके बाद पीसीआर को सूचना दी गई। मामले में हरेन्द्र त्रिवेदी ने राहुल मिश्रा,निवासी पश्चिम प्रोफेसर कॉलोनी बिलासी टाउन पर घटना में संलिप्तता का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


