
Patna: बेगूसराय-कटिहार रेलखंड पर चलती ट्रेन में उस वक़्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक को सीने में गोली मारी गई। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर रेल पुलिस लूटपाट, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित तीन अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।

घटना खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के समीप हुई। घायल की पहचान झारखंड के गोड्डा निवासी गुंजन कुमार देव (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जमुई में बिजली कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं और अपनी पत्नी से मिलने सुपौल जा रहे थे।

घायल के परिजन ने बताया कि ट्रेन में कुछ बदमाशों ने गुंजन कुमार देव का बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके सीने में गोली मार दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उन्हें बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में घायल युवक का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही रेल डीएसपी सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल युवक के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
इधर, जांच के दौरान घायल की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके पति के साथ किसी प्रकार की लूटपाट नहीं हुई थी और उनका मोबाइल फोन भी सुरक्षित है। इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस अब अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जैसे ही घायल युवक पूरी तरह बयान देने की स्थिति में आएंगे, घटना के पीछे की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों की संलिप्तता की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार इनमें से दो युवकों के पास हथियार होने की जानकारी मिली है। संदिग्धों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द खुलासे की उम्मीद जता रही है।


