
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के मोरने गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपने देवर और गोतनी पर घर में घुसकर मारपीट तथा चांदी की सिकड़ी छीन लेने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में पीड़िता सफीजन बीबी ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में सफीजन बीबी ने बताया है कि उनके पति चार भाई हैं और सभी भाइयों के बीच पैतृक जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका है। सभी ने अपने-अपने हिस्से में घर भी बना लिया है। इसके बावजूद उनके छोटे देवर इन्तयाज अंसारी और गोतनी जफरुन बीबी उनके दो मंजिला मकान में हिस्सा मांग रहे हैं।

पीड़िता के अनुसार उक्त प्लॉट में दोनों को पहले ही हिस्सा मिल चुका है। इस संबंध में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपितों ने पंचायत का निर्णय नहीं माना।
मामले के अनुसार 7 जून की सुबह करीब सात बजे दोनों आरोपित गाली-गलौज करते हुए लाठी और चाकू लेकर उनके घर में घुस गए तथा सामान फेंकने लगे। विरोध करने पर बचाव के दौरान चाकू लगने से उनकी बाईं आंख के नीचे चोट आई।
वहीं जफरुन बीबी पर गले से लगभग छह भर की चांदी की सिकड़ी छीनने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने दोनों पर घर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


