
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में एक छात्र के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चंदाजोरी निवासी 17 वर्षीय अजीत कुमार ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अजीत कुमार ने मामले में कहा है कि वह 3 जून की शाम करीब पांच बजे सुपर स्कोलर स्कूल के बगल स्थित गली से पढ़ाई कर निकल रहा था।

इसी दौरान नंदन पहाड़ निवासी सूर्ययांश सिंह, कोरियासा फॉरेस्टर कॉलोनी निवासी पियूष यादव एवं आदर्श यादव समेत चार अज्ञात लड़कों ने उसे पकड़ लिया और गली से आगे ले जाकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान पियूष यादव ने जान मारने की नीयत से उसके माथे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसका माथा फट गया। घायल अवस्था में उसने अपने चचेरे भाई सागर कुमार को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद सागर कुमार मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया तथा माथे पर टांके लगाए।
पीड़ित ने मामले में यह भी उल्लेख किया है कि चार-पांच दिन पूर्व जिम में भी आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी तथा धमकी दी थी।
पीड़ित ने नगर थाना पुलिस से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


