
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के तितमो गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायती के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को वार्ड में भर्ती कर दिया।

घटना के संबंध में घायल इकबाल अंसारी के पिता अब्दुल रहमान ने बताया कि उनके पुत्र इकबाल अंसारी की शादी चार वर्ष पूर्व अफसाना बीबी के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि विवाह के बाद अफसाना बीबी केवल एक माह ही अपने ससुराल में रही थी। इसी मामले के समाधान और आपसी बातचीत के लिए रविवार को गांव में पंचायती बुलाई गई थी।

अब्दुल रहमान के अनुसार, पंचायती के दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा और लोहे के रॉड से हमला कर दिया। इस मारपीट में इकबाल अंसारी, अरबाज अंसारी और अब्दुल घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों द्वारा सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की सूचना कुंडा थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जानकारी जुटाने और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में लगी हुई है।


