
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर देवघर स्टेशन के समीप एक सुनसान स्थान पर छापेमारी कर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।

सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों के पास से पिस्तौल और गोली बरामद किए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं एक चार पहिया वाहन भी जब्त किए जाने की जानकारी मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर थाना पुलिस को देर रात कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने देवघर स्टेशन के पास छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति के चार युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
सूत्रों का दावा है कि तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस के अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक रूप से हथियार बरामदगी या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। इसके कारण मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस हिरासत में लिए गए चारों संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना तो नहीं बना रहे थे। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड, आपसी संबंध और जब्त वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल नगर थाना पुलिस जांच और पूछताछ में जुटी हुई है।


