
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन टोडराडीह निवासी 22 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक के दाएं हाथ के नीचे पंजे के पास गोली लगी है, जो शरीर में फंसी हुई बताई जा रही है। घटना के बाद उसे तत्काल देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा सिटी स्कैन और एक्स-रे कराने के बाद ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर गोली निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।

घायल युवक की पहचान अभिषेक कुमार यादव, पिता दिनेश यादव, निवासी टोडराडीह बामपास टाउन, नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। युवक के अनुसार घटना उसके घर से लगभग 700 मीटर दूर खोरादाह काली मंदिर के समीप हुई। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक खड़ी कर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान मुंह पर गमछा बांधे एक बाइक सवार उसके पास पहुंचा और गोली मार दी। गोली लगने के बाद आरोपी बंपास टाउन की ओर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार समेत अनुसंधान शाखा एवं तकनीकी शाखा के अधिकारी और पुलिसकर्मी मामले की जांच में जुट गए। पुलिस टीम द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है तथा युवक के बयान के आधार पर घटनास्थल की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को स्पष्ट घटनास्थल का पता नहीं चल पाया था। इसी कारण जांच टीम विभिन्न संभावित स्थानों पर जाकर साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक को गोली किस परिस्थिति में लगी तथा घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है।
फिलहाल घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में जारी है, जबकि पुलिस तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


