
Deoghar: वर्ष 2023 में ट्रेन से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले में फरार आरोपी राकेश बर्मा की तलाश में कर्नाटक के बेल्लारी रेल पुलिस की टीम देवघर पहुंची। आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाने और सत्यापन करने के लिए दो सदस्यीय पुलिस टीम ने नगर थाना पुलिस से संपर्क किया तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के बेल्लारी रेल थाना क्षेत्र में दर्ज जेवरात चोरी के मामले में राकेश बर्मा की तलाश की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी देवघर के नंदन पहाड़ इलाके में रहता था। इसी आधार पर कर्नाटक रेल पुलिस की टीम नगर थाना पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ नंदन पहाड़ क्षेत्र में सत्यापन के लिए गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राकेश बर्मा अब उस इलाके में नहीं रहता है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार उसने अपना घर बेच दिया है और देवघर छोड़कर किसी अन्य स्थान पर चला गया है। इसके बाद पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
बताया जाता है कि आरोपी के वर्तमान ठिकाने का पता लगाने के लिए कर्नाटक रेल पुलिस अब अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाने में लगी हुई है। नगर थाना पुलिस भी आवश्यक सहयोग कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के वास्तविक ठिकाने का पता चलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर जांच जारी है।


