
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी नूतन देवी ने जमीन बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में मामला दर्ज कराई है।

मामले में उन्होंने बरमसिया स्थित जानकी सदन के रहने वाले पंकज कुमार सिन्हा, श्वेता सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा, मुकेश कुमार सिन्हा एवं संचिता सिन्हा समेत अन्य लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नूतन देवी दर्ज मामले मेे कहा है कि मौजा मधुसूदन छौरांट, बरमसिया स्थित 1095 वर्गफीट जमीन की बिक्री को लेकर वर्ष 2019 में बातचीत हुई थी। उक्त जमीन का मूल्य 92 लाख रुपये तय किया गया था। आरोप है कि आपसी परिचय और विश्वास के कारण कोई लिखित एकरारनामा नहीं किया गया।
इसके बाद वर्ष 2019 से 2022 के बीच उन्होंने और उनके पुत्र राजीव कुमार ने संबंधित लोगों के बैंक खातों में किस्तों में राशि जमा की तथा कुछ रकम नगद भी दी। कहा है कि पंकज कुमार सिन्हा को 23.60 लाख रुपये, श्वेता सिन्हा को 14.65 लाख रुपये, राजेश कुमार सिन्हा को 16.60 लाख रुपये, मुकेश कुमार सिन्हा को 2 लाख रुपये तथा संचिता सिन्हा को 1 लाख रुपये दिए गए।
इस प्रकार कुल 55 लाख 65 हजार रुपये का भुगतान किया गया। पीड़िता का आरोप है कि राशि लेने के बाद संबंधित लोग पहले एलपीसी (भूमि स्वामित्व संबंधी दस्तावेज) के नाम पर टालमटोल करते रहे। बाद में एलपीसी उपलब्ध होने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गई।
हालांकि जमीन से संबंधित डीड की फोटो कॉपी, एलपीसी और अन्य दस्तावेज उन्हें उपलब्ध कराए गए थे। नूतन देवी ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीन का कब्जा दिए जाने के बाद उन्होंने वहां बाउंड्री वॉल और एक कमरे का निर्माण कराया, जिस पर करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए।
वहीं शेष भुगतान और धनवापसी के लिए 40 लाख रुपये का चेक दिए जाने की बात कही गई है, जिसमें से 10 लाख रुपये का चेक भुगतान हो गया, जबकि अन्य चेक बाउंस हो गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि न तो जमीन की रजिस्ट्री की जा रही है और न ही शेष राशि वापस की जा रही है। उन्होंने मामले को जमीन के नाम पर की गई ठगी बताते हुए नगर थाना पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


