
Deoghar News : झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश पर गठित धावा दल द्वारा देवघर शहरी क्षेत्र में संचालित एक होटल में बाल श्रमिक नियोजित किए जाने का मामला सामने आया है।

इस संबंध में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सह बाल एवं किशोर श्रमिक (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के निरीक्षक भूषण यादव ने नगर थाना देवघर में प्राथमिकी दर्ज कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपायुक्त देवघर द्वारा गठित धावा दल ने 19 मई 2026 को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक शिवगंगा मोहल्ला स्थित मेसर्स कृष्णा होटल मानसिंह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो नाबालिग बाल श्रमिक कार्य करते पाए गए।
धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी देवघर सदर भूषण यादव, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सारवां राजेश यादव, एनजीओ आश्रम के आदर्श कुमार यादव एवं प्रफुल कुमार मंडल, चेतना विकास की पूनम कुमारी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर परवेज अंसारी एवं विश्वदीप मित्र शामिल थे।
बाल कल्याण समिति द्वारा प्रस्तुत अभिलेख के अनुसार होटल में कार्यरत छोटू कुमार (13 वर्ष), पिता दाहौर राय, निवासी दीदारगंज, पटना सिटी तथा नितिश कुमार (13 वर्ष), पिता उमेश दास, निवासी हेमतपुर, रुस्तमपुर, बिहार को लगभग 20 दिनों से कार्य पर लगाया गया था।
दोनों बालक मेसर्स कृष्णा होटल मानसिंह, शिवगंगा मोहल्ला, देवघर में कार्यरत पाए गए। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है।



