
Deoghar: देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के संथाली गांव में एक किशोरी द्वारा विषपान किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद किशोरी की हालत बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।

सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार करने के बाद किशोरी को भर्ती कर लिया है। जहां उसका इलाज जारी है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि किसी बात को लेकर किशोरी नाराज थी। इसी आवेश में आकर उसने घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

इसके बाद परिवार के लोगों ने उससे बार-बार पूछताछ की, तब किशोरी ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं घटना की जानकारी स्थानीय बैद्यनाथ धाम पुलिस को दे दी गयी है।



