
Dumka: दुमका जिले के हंसडीहा स्थित नवोदय विद्यालय के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक असंतुलित बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुन्दर कुमार शाह के रूप में हुई है। वह बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौंसी थाना क्षेत्र के भंडारीचक गांव का निवासी था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक के मामा ने बताया कि सुन्दर कुमार शाह अपने घर से बाइक लेकर हंसडीहा गया हुआ था। इसी दौरान नवोदय विद्यालय के पास उसकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और सीधे ट्रक के नीचे जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


