
Deoghar News : देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकराहा गांव में आर्थिक तंगी से परेशान एक मजदूर द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। मजदूर की पहचान अर्जुन बावरी के रूप में हुई है। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन बावरी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से आर्थिक परेशानियों और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसी तनाव में आकर उसने ब्लेड से अपना गला काट लिया।

घटना के समय परिजनों ने अर्जुन को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल मजदूर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर चित्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बढ़ती आर्थिक परेशानियां और मानसिक तनाव का सबसे अधिक असर गरीब मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



