
Deoghar: 15 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में हरियाणा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरियाणा के फरीदाबाद जिले की बल्लभगढ़ साइबर थाना पुलिस की टीम ने देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार हुए आरोपी का नाम संजीत कुमार पिता शंभू नाथ मंडल है जो जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के दोंदिया नावाडीह का रहने वाला है। वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र के हथगढ़ मोहल्ला में एक किराये के मकान में परिवार के साथ छिपकर रह रहा था। पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ हरियाणा लेकर चली गई है, जहां उससे मामले में आगे पूछताछ की जाएगी।
स्कूल खाते से उड़ाए गए थे लाखों रुपये

जानकारी के अनुसार, इस संबंध में रावल कॉन्वेंट स्कूल, फ्रेंड्स कॉलोनी सोहना रोड, बल्लभगढ़ फरीदाबाद के चेयरमैन चंद्रभान रावल ने 9 दिसंबर 2025 को साइबर थाना बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि उनके स्कूल का खाता आईसीआईसीआई बैंक में संचालित है, जिसमें स्कूल के एकाउंटेंट रघुवीर सिंह का मोबाइल नंबर पंजीकृत था।
ओटीपी के बहाने डाउनलोड कराया गया एपीके फाइल
मामले में बताया गया कि एकाउंटेंट को लगातार ओटीपी आने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे एक एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा गया। जैसे ही उक्त फाइल डाउनलोड की गई, साइबर अपराधियों ने खाते तक पहुंच बना ली और 15 लाख 34 हजार 699 रुपये की अवैध निकासी कर ली।
तकनीकी जांच के बाद देवघर पहुंची पुलिस
घटना के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के क्रम में आरोपी की लोकेशन देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद हरियाणा से आई साइबर पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा।
पूछताछ में खुल सकते हैं और राज
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान इस साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है।



