Palamu: झारखंड के पलामू में एक शादी उस वक़्त चर्चा का विषय बन गयी जब मंडप से दुल्हन फरार हो गयी। मामला बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला गांव का है। जहां शुक्रवार की रात सीताराम भुईयां की बड़ी बेटी की शादी थी। तभी जयमाला से ठीक पहले दुल्हन गायब मिली। जिसकी खोजबीन होने लगी।

इस बीच गढ़वा के रमुना से आई बारातियों की खुशियां पल भर में तनाव और सन्नाटे में बदल गयी। दुल्हन के गायब होने की खबर फैलते ही वर पक्ष आक्रोशित हो उठा और वापस लौटने की जिद करने लगा।

स्थिति को बिगड़ता देख दोनों पक्षों के बड़े लोगों ने सूझबूझ दिखाई। आनन-फानन में दूल्हे की शादी दुल्हन की छोटी बहन से कराने की बात कही गयी। इसके बाद छोटी बहन ने बड़ी बहन की जगह मंडप में कदम रखा और रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा उसे ही विदा कराकर अपने साथ ले गया.
इधर, दुल्हन के लापता होने से गुस्साये परिजनों ने संदेह के आधार पर चपरी निवासी एक युवक को बेतला में बंधक बना लिया। मामले की गंभीरता को भांपते हुए बरवाडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और युवक को सकुशल मुक्त कराया।
वहीं , पुलिस टीम ने बेतला और आसपास के घने जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार गायब युवती को शनिवार को बरामद कर लिया गया। फिर जाकर पुरे मामले का खुलासा हुआ। युवती के प्रेमी ने स्वीकार किया कि उसने ही जयमाला के वक्त लड़की को भागने के लिए कहा था।
फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



