
Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में पिछले बुधवार को हुए अमन अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने शनिवार को बताया कि अमन अंसारी हत्याकांड में नबी बक्स रोड कब्रिस्तान के पीछे रहने वाले 19 वर्षीय मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया है। हत्या के पीछे की वजह दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद था। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या में एक अन्य युवक भी शामिल था, जो अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि बीते बुधवार को मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतला भेड़वा मोहल्ले स्थित सिंघानिया राइस मिल के पास खेत की झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के माथे पर किसी हथियार से हमले के निशान थे और चेहरा खून से लथपथ था। शव की पहचान बेलपाड़ा निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन अंसारी के पुत्र अमन अंसारी के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर मधुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया।
इधर, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की। जांच के दौरान मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया।


