
Dumka: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना के चितरागड़िया गांव में 6 दिन पहले पत्थर की बंद खदान में डूबे 5 वर्षीय बच्चे का शव शुक्रवार को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है।

बता दें कि पत्थर की बंद खदान में पांच साल का आयन अंसारी नहाने के दौरान डूब गया था। जिसकी तलाश पहले स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने की लेकिन ज्यादा पानी होने की वजह से वे सफल नहीं हो पाए। दूसरे दिन सुचना पर प्रशासन द्वारा गोताखोरों को लगाया गया। लेकिन उन्हें भी कामायाबी नहीं मिली। जिसके बाद आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया।

लोगों के आक्रोश को देखते हुए सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा पटना से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने भी काफी मेहनत की लेकिन बच्चे की डेडबॉडी खोज नहीं पाए। जब सबने आस छोड़ दी कि बच्चा खदान के किसी गड्ढे में जाकर फंस गया है तो अचानक शुक्रवार को उसका शव पानी में तैरता मिला।
बच्चे के शव की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया। परिजनों ने लिखित रूप से पुलिस को दिया कि वे बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं करना चाहते हैं, जिसके बाद परिजनों की भावना को देखते हुए पुलिस ने डेड बॉडी परिजनों को सौंप दी।


