Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुनासी डैम के समीप हुए एक हादसे में युवक की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हो गई है। मृतक 20 वर्षीय राज कुमार जसीडीह थाना क्षेत्र के चांदडीह घासको का रहने वाला था। वह वायरिंग का काम करता था।

बताया जाता है कि वह अपने पांच दोस्तों के साथ दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर पुनासी डैम स्नान करने गया था। राजकुमार बाइक चला रहा था। पुनासी डैम के समीप अचानक उसका बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकरा गया। जिससे उसके सीने में गंभीर चोट लगी।

आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेफर किए जाने के बाद उसे एंबुलेंस से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मृतक के स्वजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। मृतक के शरीर के किसी भी हिस्से में जख्म का निशान नहीं देखकर अनहोनी की आशंका व्यक्त की। स्वजनों ने घटना को लेकर हत्या की आशंका व्यक्त की है।
हालांकि स्वजनों की ओर से घटना को लेकर खबर लिखे जाने तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इधर घटना को लेकर स्वजनों का रो-रोकर हाल बुरा हो गया है। बैद्यनाथधाम ओपी को घटना की जानकारी दे दी गई है।



