
Dhanbad: धनबाद जिले के गोनूडीह ओपी क्षेत्र के भोला नाथ बसेरिया 4 नंबर यादव बस्ती में शुक्रवार को ह्रदयविदारक घटना घटी। आवारा कुत्तों के झुंड ने एक 5 वर्षीय मासूम की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।

मृतक अंकित यादव, कुंदन यादव का पुत्र था। बताया जा रहा है कि अंकित अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक मंदिर के पास गया हुआ था। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मुहल्ले में मातम का माहौल है।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ हुआ है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में आवारा कुत्तों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए और उनकी संख्या नियंत्रित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।


