
Jasidih/ Deoghar: ऑपरेशन अमानत के तहत RPF पोस्ट जसीडीह द्वारा सराहनीय कार्य किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अमन राज नामक एक यात्री (पिता- तरुण कुमार गुप्ता, निवासी- हटिया, रांची, झारखंड) ट्रेन संख्या 12023, कोच संख्या C-1, बर्थ संख्या 01 में हावड़ा से जामताड़ा रेलवे स्टेशन की यात्रा कर रहे थे। जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय, उन्होंने गलती से अपना एक ‘मेटा रे-बैन’ (Meta Raybon) सनग्लास उसी बॉगी में छोड़ दिया।

इस बात का अहसास होते ही अमन ने तुरंत 139 पर ‘रेल मदद’ (Rail Madad) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही, RPF पोस्ट जसीडीह (JSME) के SI सुनील कुमार ने तत्काल कार्रवाई की; उन्होंने संबंधित ट्रेन को अटेंड किया और उक्त सनग्लास को बरामद करने में सफलता प्राप्त की।
फिर, उक्त सनग्लास को RPF पोस्ट जसीडीह (JSME) लाया गया और इस मामले की सूचना संबंधित यात्री को दी गई।
28 अप्रैल को युवक RPF पोस्ट जसीडीह पहुंचे, जहां उचित दस्तावेजीकरण तथा पावती (acknowledgement) के बाद, लगभग 35,000/- रुपये मूल्य का ‘मेटा रे-बैन’ सनग्लास उन्हें सौंप दिया गया।


